दिनांक 26 जनवरी 2026 को 77 वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर ग्राम भारती द्वारा संचालित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में अत्यंत गरिमा, उत्साह एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को तिरंगे झंडों, पुष्प सज्जा, बैनरों एवं प्रेरणादायी नारों से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे सम्पूर्ण वातावरण देशप्रेम से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि श्रीमान राजीव सारस्वत जी(AGM Mecon India Pvt Ltd) एवं प्रियंका शर्मा जी (JE PWD), मुख्य अतिथि श्रीमान देवेश सिसौदिया जी (SDE CPWD), कार्यक्रम अध्यक्ष श्रीमान डॉक्टर विपिन शर्मा जी(ASSOCIATE PROFESSOR), श्रीमान राहुल सिंघल जी (मंत्री प्रबन्ध समिति ), प्रबन्ध समिति सदस्य श्रीमान अमित मित्तल जी, विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीमान विकास पुण्डीर जी एवं प्रकल्प प्रमुख श्रीमान कमल कुमार जी द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर मां सरस्वती के चित्रों के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन व पुष्पार्चन कर भारत माता एवं अमर शहीदों के चित्रों पर भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।
गणतंत्र दिवस समारोह में विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, कविता पाठ आदि कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए जिसने सभी को भावविभोर कर दिया। नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से भारतीय संविधान, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता का प्रभावशाली संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि श्रीमान देवेश सिसौदिया जी ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें हमारे संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के साथ-साथ हमारे कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, नैतिक मूल्यों, परिश्रम और देशसेवा को जीवन में अपनाने का आह्वान किया तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम अध्यक्ष श्रीमान विपिन शर्मा जी ने सभी विधार्थियों को गणतंत्र की रक्षा हेतु शपथ दिलाई एवं विधार्थियों के लिए नवाचार को बढावा देने वाली कार्यशालाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने यह सिद्ध किया कि युवा पीढ़ी देश के उज्ज्वल भविष्य की सशक्त आधारशिला है।
अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीमान विकास पुण्डीर जी ने बताया कि 31 जनवरी से पहले प्रवेश लेने वाले छात्रों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा एवं कार्यक्रम में आए हुए सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में विद्यालय में होने वाले कार्यक्रमों में आने के लिए भी आग्रह किया। प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक, छात्र-छात्राएँ, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।